दिनदहाड़े हत्या से चंदौली में सनसनी, किराना दुकान पर विवाद के बाद भाजपा नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र के तिलौरी गांव में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना में पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. प्रदीप मौर्य के छोटे भाई संतोष मौर्य (45 वर्ष) की उनके ही किराना दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पड़ोस का ही युवक जयप्रकाश उर्फ देवेंद्र बताया जा रहा है, जो शराब के नशे में धुत था। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने अपने पिता की लाइसेंसी दो नाली बंदूक से संतोष मौर्य को गोली मार दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, सीओ नामेन्द्र कुमार तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को वारदात में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसे भी मामूली चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, संतोष मौर्य की तिलौरी गांव में एक परचून की दुकान थी। शनिवार तड़के करीब साढ़े आठ बजे वह हमेशा की तरह अपनी दुकान पर मौजूद थे। उसी दौरान पास में ही रहने वाला युवक जयप्रकाश शराब के नशे में दुकान के बाहर हंगामा करने लगा। जब संतोष ने उसे टोका और शांत रहने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया और अपने घर चला गया।
कुछ ही देर में जयप्रकाश अपने घर से अपने पिता की लाइसेंसी दो नाली बंदूक लेकर वापस आया और दुकान पर पहुंचते ही संतोष के सीने में सटा कर गोली चला दी। गोली लगते ही संतोष मौके पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। आसपास के लोग उन्हें तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही चकिया क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसडीएम विनय कुमार मिश्रा, सीओ नामेन्द्र कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में एडिशनल एसपी ऑपरेशन दिगम्बर कुशवाहा ने बताया कि हत्या का कारण प्रारंभिक रूप से आपसी कहासुनी और नशे की हालत में हुई बहस प्रतीत हो रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

राजनीतिक हलकों में शोक और आक्रोश
जैसे ही घटना की खबर फैली, भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक संतोष मौर्य के बड़े भाई डॉ. प्रदीप मौर्य भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक कैलाश खरवार, नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह सहित भाजपा, सपा और कई व्यापारी संगठनों के नेता, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों स्थानीय लोग जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंच गए। विधायक कैलाश आचार्य ने डॉ. प्रदीप मौर्य से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया और अपराधी के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं पुलिस प्रशासन से भी सख्त कदम उठाने की मांग की गई।
गांव में तनाव, तैनात किया गया पुलिस बल
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है। गांव में भारी संख्या में पुलिसकर्मी गश्त कर रहे हैं ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।


















