प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति की बैठक में उठे जनहित के अहम मुद्दे, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सशक्त बनाने पर जोर

220

प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति की बैठक में उठे जनहित के अहम मुद्दे, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सशक्त बनाने पर जोर

वाराणसी/चंदौली : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति की जनपद चंदौली से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति दिनेश गोयल ने की, जबकि समिति के सम्मानित सदस्यों में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, जितेन्द्र सिंह सेंगर, रतन पाल सिंह, शैलेन्द्र प्रताप सिंह एवं रविशंकर सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं द्वारा समिति के सदस्यों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत के साथ हुई। इसके उपरांत अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर बैठक की विधिवत शुरुआत की गई।

प्रमुख मुद्दों पर गहन मंथन

समिति ने विद्युत विभाग से जुड़े कई जनसरोकार से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी ली। इनमें प्रमुख रूप से ट्रांसफार्मरों की समयबद्ध मरम्मत, जनपद में औसत विद्युत आपूर्ति की स्थिति, उपभोक्ता भार के अनुरूप ट्रांसफार्मर की उपलब्धता, बिजली के पोलों पर लटकती केबिलों से हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम, विद्युत चोरी पर नियंत्रण हेतु बनाई गई रणनीति, विजिलेंस द्वारा की गई कार्रवाई एवं 1912 पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसे विषय शामिल रहे। वही मीटर रीडिंग संबंधी समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा की गई और सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया गया।

निरीक्षण और शिकायत निवारण को प्राथमिकता

बैठक के दौरान समिति के सभापति दिनेश गोयल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी केंद्रों पर शिकायती रजिस्टर अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों, ताकि निरीक्षण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ता से संपर्क कर फीडबैक प्राप्त किया जा सके।

जनपदवासियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति का आश्वासन

समिति ने रोस्टर के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संभावित चुनौतियों एवं उनकी समाधान रणनीतियों पर गहन चर्चा की। इस दौरान यह स्पष्ट किया गया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो।

सकारात्मक समीक्षा और आवश्यक निर्देश

समीक्षा के उपरांत समिति के सभापति ने विद्युत व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर संतोष जताया, साथ ही इसे और अधिक बेहतर एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन करते हुए विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी कमियों को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।

बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (विद्युत वितरण परिमंडल) रवि चंद्र श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता (विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय), जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी (प्रथम) नीरज श्रीवास्तव सहित कई संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

यह बैठक न सिर्फ चंदौली की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा का अवसर बनी, बल्कि इसे जनहित के सरोकारों से जोड़ते हुए व्यावहारिक सुधारों की दिशा में एक ठोस कदम भी सिद्ध हुई।