खड़ी ट्रक में घुसी गिट्टी लदी डंपर, चालक केबिन में फंसा, रेस्क्यू जारी
चंदौली : जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत सवैया गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार की अलसुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। बिहार की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक गिट्टी लदी डंपर खड़ी ट्रक में पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मार दी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में डंपर चालक बुरी तरह से केबिन में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और एनएचएआई की टीम को क्रेन व हाइड्रोलिक कटर का सहारा लेना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर काफी तेज गति से आ रहा था और उसका नियंत्रण पूरी तरह से खो चुका था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के गांवों तक आवाज सुनाई दी। लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व एनएचएआई हेल्पलाइन को सूचना दी। कुछ ही देर में सैयदराजा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। केबिन में फंसे चालक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी, क्रेन और गैस कटर की सहायता ली जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और प्राथमिकता के आधार पर चालक को सुरक्षित निकालने के प्रयास हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि डंपर की नंबर प्लेट पर जानबूझकर कालिख पोती गई थी ताकि वाहन की पहचान न हो सके। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि वाहन संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हो सकता है या नियमों को धता बताकर सड़कों पर दौड़ रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। एनएचएआई की टीम ने यातायात को नियंत्रित कर वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को निकाला, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी।
इस भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर बेतरतीब तरीके से दौड़ रहे भारी वाहनों की निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात में हाईवे पर तेज रफ्तार और पहचान छिपाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


















