धीना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार के इनामी गो-तस्कर को दबोचा

35

धीना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 25 हजार के इनामी गो-तस्कर को दबोचा

चंदौली : जिले की धीना थाना पुलिस को बुधवार को बड़ी कामयाबी मिली, जब लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। यह शातिर अपराधी गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था, जिसकी पुलिस को काफी समय से तलाश थी।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अलगू उर्फ अमित बिंद निवासी महुजी के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी गो-तस्कर कहीं भागने की फिराक में है और अवही तिराहा के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना धीना की टीम सक्रिय हो गई और तत्काल घेराबंदी कर बुधवार की सुबह अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पहले ही अभियुक्त के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अलगू उर्फ अमित बिंद के खिलाफ थाना धीना में मुकदमा संख्या 34/2025 दर्ज है, जिसमें गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की गंभीर धाराएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2021 में भी उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 46/2021 दर्ज किया गया था, जिसमें आपराधिक साजिश, हिंसा, महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम जैसी कई गंभीर धाराएं शामिल थीं।

इस गिरफ्तारी को लेकर थाना धीना की पुलिस टीम की सक्रियता और सजगता की सराहना की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीरबहादुर, हेड कांस्टेबल मुकेश निषाद, कांस्टेबल अनुराग सिंह और कांस्टेबल अमित सिंह ने सराहनीय भूमिका निभाई। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गो-तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही इससे कानून व्यवस्था को लेकर जनता में भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।