बकरी चोरी रोकने की कोशिश में भिड़े भीम मौर्या, चोरों ने चाकू से किया जानलेवा हमला
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत भलेहटा गांव में शनिवार की रात चोरी की घटना उस समय सनसनीखेज बन गई, जब चोरों ने घर में सो रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। सकलडीहा थाना क्षेत्र के जमुरना गांव निवासी और वर्तमान में भलेहटा में रह रहे भीम मौर्या (पुत्र मुन्नर मौर्या) पर आधी रात को बकरी चुराने आए बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीम मौर्या भलेहटा गांव में सिवान क्षेत्र में अपनी निजी भूमि पर मकान बनाकर अकेले ही निवास कर रहे थे। शनिवार की रात भोजन करने के बाद वे अपने मकान में सो गए थे। रात करीब दो बजे खटपट की आवाज सुनकर उनकी नींद टूटी। जब वे बाहर निकले, तो देखा कि लगभग आधा दर्जन चोर उनकी बकरी चुराने की कोशिश कर रहे हैं। भीम मौर्या ने साहस दिखाते हुए चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोरों ने उन्हें ही अपना निशाना बना लिया। धारदार चाकू से सिर और हाथ पर कई वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमले के बाद वे वहीं अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इस पूरे मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मोहरगंज चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।


















