बारिश से बेहाल चहनियां-पीडीडीयू नगर मार्ग, क्षतिग्रस्त सड़क बनी लोगों के लिए मुसीबत

84

बारिश से बेहाल चहनियां-पीडीडीयू नगर मार्ग, क्षतिग्रस्त सड़क बनी लोगों के लिए मुसीबत

चंदौली : जिले के चहनियां कस्बा से पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सोमवार की रात हुई हल्की बारिश ने क्षेत्रवासियों की परेशानी और बढ़ा दी है। चहनियां कस्बे में पीडियूनगर मुख्य मार्ग पर जगह-जगह पानी भर जाने के कारण राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इस मार्ग पर कई महीनों से मरम्मत कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है। निर्माण कार्य कच्छप गति से आगे बढ़ रहा है, जिससे लोगों की समस्याएं कम होने की बजाय लगातार बढ़ती जा रही हैं। सड़क पर जगह-जगह बिखरी हुई गिट्टियाँ लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। कई राहगीर गिट्टियों के कारण फिसलकर घायल हो चुके हैं, जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

करीब 18 किलोमीटर लंबा यह मार्ग चहनियां से शुरू होकर पीडीडीयू नगर तक जाता है, और ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख माध्यम है। स्थानीय लोग पिछले 15 वर्षों से इसी मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन बीते दो-तीन वर्षों में यह मार्ग अत्यधिक जर्जर हो गया है। सड़क की खस्ताहाल हालत ऐसी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

लोगों की मजबूरी यह हो गई है कि अब वे चहनियां के बजाय सकलडीहा होते हुए अलीनगर के रास्ते पीडीडीयू नगर पहुंचने लगे हैं, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गया है।

हालांकि कुछ समय पहले शासन-प्रशासन द्वारा मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया, लेकिन अभी तक केवल भुपौली तक ही कार्य हो पाया है। चहनियां कस्बा, जहाँ सबसे अधिक ट्रैफिक और दिक्कतें हैं, वहां अभी तक कोई ठोस काम नहीं हुआ है।

बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से बिखरी हुई गिट्टियों के बीच चलना आमजन के लिए और भी कठिन हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से जोखिम उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चहनियां कस्बे में मार्ग की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाए और तेजी से कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।