नरकटी के जंगल में भालू का कहर, लकड़ी बीनने गई महिला पर हमला, हालत नाजुक
चंदौली : जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित नरकटी जंगल से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार की सुबह गांव की एक महिला रोज़ की तरह सुखी लकड़ी बीनने जंगल गई थी, लेकिन उसे क्या पता था कि आज उसका सामना मौत से हो जाएगा।
जैसे ही महिला जंगल में लकड़ियाँ चुन रही थी, अचानक झाड़ियों से निकलकर एक जंगली भालू ने उस पर हमला बोल दिया। भालू के हमले से महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसकी चीखें सुन दूर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़कर मौके पर पहुंचकर साहस दिखाया, जिससे घबराकर भालू भाग निकला।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को गंभीर हालत में नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को नाजुक देखते हुए उसे चकिया के जिला संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है, और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और जंगलों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं। वन विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है और भालू की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या जंगल के किनारे बसे ग्रामीण सुरक्षित हैं?


















