पॉलीटेक्निक कॉलेज के 9 छात्रों का गुजरात की प्रतिष्ठित कंपनी में चयन

98

पॉलीटेक्निक कॉलेज के 9 छात्रों का गुजरात की प्रतिष्ठित कंपनी में चयन, मिठाई खिलाकर किया गया विदा

चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत महुअरकला स्थित पं. रामअधार जे. तिवारी कॉलेज ऑफ पॉलिटेक्निक के लिए मंगलवार का दिन गर्व और खुशी का रहा। कॉलेज के नौ छात्रों का चयन गुजरात की प्रतिष्ठित दवा निर्माण कंपनी एम/एस आरती ड्रग्स लिमिटेड में हुआ है। यह चयन कॉलेज परिसर में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हुआ, जिसमें कंपनी ने रासायनिक अभियांत्रिकी (Chemical Engineering) विभाग के छात्रों की योग्यता को परखा और नौ छात्रों को नौकरी के लिए चयनित किया।

कैंपस प्लेसमेंट में मिला ₹2.25 लाख का सालाना पैकेज

कंपनी द्वारा चयनित छात्रों को ₹2.25 लाख वार्षिक पैकेज की पेशकश की गई है। चयनित छात्रों के नाम हैं — फिरदौस अंसारी, सैफ अंसारी, नासिर हुसैन, अभिषेक यादव, अमर सिंह, राहुल पाल, शशांक कुमार सिंह, अशुतोष पांडे और अंकित निषाद।

मिष्ठान वितरण कर छात्रों की भावभीनी विदाई

मंगलवार को कॉलेज परिसर में चयनित छात्रों को विदाई देने के लिए एक सरल लेकिन भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज प्रबंधक आनंद तिवारी (सोनू सर) ने स्वयं मिठाई खिलाकर छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ गुजरात के लिए रवाना किया। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ कंपनी में कार्य करने की सलाह दी।

संस्थापक चेयरमैन ने दी फोन पर बधाई

कार्यक्रम के दौरान राहुल एजुकेशन ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन लल्लन आर. तिवारी ने भी फोन के माध्यम से छात्रों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत और कॉलेज के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सराहा।

इस मौके पर कॉलेज के सचिव राहुल एल. तिवारी, प्राचार्य डॉ. संजय श्रीवास्तव, टीपीओ अमिताभ, विभागाध्यक्ष एस. पी. त्रिपाठी, तथा सभी संकाय सदस्य मौजूद रहे। सभी ने चयनित छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

इस सफलता से कॉलेज में खुशी का माहौल है और यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। कॉलेज प्रबंधन ने यह भी बताया कि आगे भी इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक छात्रों को रोजगार के अवसर मिल सकें।