चंदौली को मिला नया नेतृत्व, नवागत डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने संभाला कार्यभार
चंदौली : जनपद को एक नई प्रशासनिक दिशा मिली है। नवागत जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बृहस्पतिवार को कोषागार कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही उनकी प्राथमिकताएं होंगी।
टीम भावना से कार्य करने का दिया संदेश
डीएम गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनहित को सर्वोपरि मानते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा, “प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में ईमानदारी, संवेदनशीलता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण जरूरी है।”
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। डीएम ने कहा, “हर शिकायत एक नागरिक की आशा है, इसकी अनदेखी करना प्रशासनिक संवेदनहीनता होगी।”
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय प्रमुखों को समयपालन, कार्यों की सतत समीक्षा और स्थायी समाधान की नीति अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या गैर-जवाबदेही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक जवाबदेह, सक्षम और जनोन्मुखी प्रशासन का निर्माण करना है। साथ ही उन्होंने मीडिया से संवाद एवं सहयोग की अपेक्षा जताते हुए भरोसा दिलाया कि स्थानीय समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत सांई, अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई. के. राय, डीएफओ दिलीप कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी समेत सभी उपजिलाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।


















