पांच वर्ष पूर्व के अपहरण कांड का खुलासा, युवती महाराष्ट्र से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

320

पांच वर्ष पूर्व के अपहरण कांड का खुलासा, युवती महाराष्ट्र से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

चन्दौली : जिले की बलुआ थाना पुलिस ने पांच वर्ष पूर्व दर्ज एक अपहरण के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए अपहृता को महाराष्ट्र के पुणे जिले से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज के पर्यवेक्षण में की गई।

वर्ष 2020 में हुआ था युवती का अपहरण

जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में बलुआ थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 97/2020 धारा 363 आईपीसी के अंतर्गत एक युवती के अपहरण का मामला सामने आया था। काफी समय तक सुराग न मिलने पर मामले की विवेचना को प्राथमिकता देते हुए सीओ सकलडीहा को सौंपा गया। इसके बाद पुलिस टीम गठित की गई और सुराग के आधार पर महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में दबिश दी गई।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

टीम को सफलता मिली और अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया। साथ ही आरोपी आकाश राय उर्फ आकाश राजभर पुत्र नगीना राय गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर आरोपी को जेल भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास

इस बाबत बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. आशीष मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बलुआ में दो अलग-अलग मामलों में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पहला मामला वर्ष 2020 है, जिसमें आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वही दूसरा मामला जिसमें आरोपी न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के बावजूद उपस्थित नही हो रहा था। जिस समय लड़की का अपहरण किया था वह नाबालिग थी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में ये रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में डॉ. आशीष कुमार मिश्र, प्रभारी निरीक्षक, थाना बलुआ, उप निरीक्षक अमित कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी मोहरगंज, उप निरीक्षक जमीलुद्दीन खान, महिला कांस्टेबल सुधा यादव शामिल रहे।