समाज के हर क्षेत्रों में आगे बढ़ रही महिलाएं : लल्लन तिवारी

62

समाज के हर क्षेत्रों में आगे बढ़ रही महिलाएं : लल्लन तिवारी

चंदौली : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राहुल एजुकेशन की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन लल्लन तिवारी ने महिलाओं के योगदान को सराहते हुए राहुल एजुकेशन की एचआर मैनेजर आरती पाण्डेय और राहुल डीएड कॉलेज की प्रिंसिपल अंजलि सुर्वे को सम्मानित किया।

इस मौके पर संस्थान के चेयरमैन लल्लन तिवारी ने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा, राजनीति, विज्ञान, खेल और व्यवसाय सहित प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक योगदान को पहचानने और उनके अधिकारों की रक्षा करने का संदेश देता है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

उन्होंने कहा कि राहुल एजुकेशन हमेशा से महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए कार्यरत रहा है। संस्था में महिलाओं को नेतृत्व के महत्वपूर्ण अवसर दिए जाते हैं, जिससे वे अपनी क्षमताओं को निखार सकें और समाज में एक सशक्त पहचान बना सकें। उन्होंने यह भी कहा कि आज महिलाओं को समान अवसर मिल रहे हैं, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी

संस्थान के चेयरमैन लल्लन तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि महिला दिवस उन संघर्षों की याद दिलाता है, जिनसे होकर महिलाएं अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सम्मानित करने की जरूरत नहीं, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा और उन्हें समान अवसर प्रदान करने की भी आवश्यकता है।

इस कार्यक्रम में संस्थान के अन्य शिक्षक, छात्र और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों को सराहा और उनके योगदान को सम्मान दिया। कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण और समानता को बढ़ावा देने के लिए संकल्प लिया गया कि हर स्तर पर महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे और उनके अधिकारों की रक्षा की जाएगी।