महाकुंभ के टेंट सिटी में लगी आग, कई टेंट जलकर हुए खाक, सिलेंडर फटा, घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी

54

महाकुंभ के टेंट सिटी में लगी आग, कई टेंट जलकर हुए खाक, सिलेंडर फटा, घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र में रविवार को आग लग गई. जानकारी के मुताबिक, गंगा पुल के दाहिने तरफ महाकुंभ मेला क्षेत्र में भीषण आग लगी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंच गईं. फिलहाल आग को फैलने से रोक लिया गया है. इधर, घटनास्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पहुंचकर जायजा लिया. साथ ही अफसर को निर्देश भी दिए हैं कि यहां पर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. साथ ही साथ चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए हैं. वही आग लगने से महाकुंभ मेला क्षेत्र में आए श्रद्धालु काफी सहम गए. हालांकि, महाकुंभ मेला क्षेत्र में हुए इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है.

रिपोर्ट के मुकाबिक, महाकुंभ मेले के सेक्टर नं-19 पुल नंबर 12 के निकट झूंसी रेलवे लाइन के नीचे गीता प्रेस कैंप में आग लगी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलेंडर फटने के कारण आग लगी है. कैंप में खाना बनाया जा रहा था, जिस दौरान सिलेंडर फट गया. इसके बाद वहां आग लग गई. आग ने फैलते-फैलते 20-25 टेंट को अपनी जद में ले लिया. इसे बुझाने के लिए दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं.

बता दें कि पौष पूर्णिमा स्नान के साथ प्रयागराज के संगम तट पर महाकुंभ मेले का आगाज हो गया था. करोंड़ों की संख्या में श्रद्धालु 12 साल बाद लगने वाले कुंभ में हिस्सा लेने के लिए प्रयागराज पहुंचे हैं. मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा खयाल रखा जा रहा है. सुरक्षा के सभी इंतजाम वहां किए गए हैं.

प्रयागराज के डीएम रविंद्र कुमार मंदर ने बताया कि 4:30 बजे कुंभ क्षेत्र सेक्टर 19 के गीता प्रेस में आग लगने की सूचना मिली थी. अग्निशमन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. गीता प्रेस के साथ 10 प्रयागवाल के टेंट में भी आग फैलने की सूचना मिली थी, जिसको बुझा लिया गया है. स्थिति सामान्य है, किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है.