सब्जियों के बीच छिपाकर बिहार जा रही थी शराब की खेप, पुलिस ने 106 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की बरामद, एक अभियुक्त गिरफ्तार
चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. बावजूद इसके अवैध शराब कारोबारी अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं. तरह-तरह के पैंतरे आजमाकर बिहार में शराब तस्करी को अंजाम दे रहे हैं. मंगलवार को थाना कंदवा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सब्जी लदे वाहन से 106 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की. साथ ही एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को भी धर दबोचा. बरामद अवैध अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है. वही पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.

विदित हो कि थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल मय हमराह व स्वाट/सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन जिसमें कोई अवैध वस्तु होने की संभावना है, जो जमनियां गाजीपुर से थाना कंदवा क्षेत्र होते हुए बिहार राज्य जाने वाला है. सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम द्वारा ककरैत पुलिस चेकपोस्ट के पास नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग की जाने लगी. इस दौरान एक पिकअप वाहन आता हुआ दिखाई दिया. जिसमें पुलिस को चकमा देने के लिए सब्जी के कैरेट रखे गए थे. मौजूदा पुलिस टीम द्वारा जब वाहन में रखे सब्जी के कैरेट को हटाकर देखा गया तब पॉलीथिन के नीचे विभिन्न ब्रांडों की 106 पेटी अंग्रेजी शराब ( लगभग 934.92 लीटर) बरामद हुई. साथ ही मौके से एक अन्तर्राजीय शराब तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. वही पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उक्त शराब को वह हरियाणा से खरीद कर बिहार राज्य ले जाकर ऊंचे दामों में विक्रय कर लाभ अर्जित करता है. जिससे अपना जीवन यापन करता है. अभियुक्त द्वारा फर्जी नंबर प्लेट के विषय में बताया गया कि पुलिस को चकमा देने के लिए नंबर प्लेटों की अदला बदली करके तस्करी की घटना को अंजाम देने वाला था. गिरफ्तार अभियुक्त राहुल सिंह पुत्र राजू सिंह निवासी C-10 श्रीनिवास नगर थाना मुरलीपुरा जिला जयपुर राजस्थान तथा मूल निवासी टेमई का पुरा थाना मेजा जनपद प्रयागराज का बताया गया.

इस बाबत सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि बीती रात थाना कंदवा और स्वाट/सर्विलांस पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि हरियाणा से तस्करी कर अंग्रेजी शराब बिहार ले जाई जा रही. सूचना के आधार पर ककरैत बिहार बॉर्डर पर वाहन चेकिंग की जा रही थी. इस दौरान एक गाड़ी को रोका गया जिसपर यूपी का नम्बर लिखा हुआ था. उसको चेक किया गया तो ऊपर से सब्जियां लदी हुई थी. और उसके अंदर 106 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है. जिसकी मात्रा 935 लीटर आई है. जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है. एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.


















