आपसी विवाद के दौरान युवक ने लहराया असलहा, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार की शाम आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने अचानक तनावपूर्ण रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक द्वारा असलहा निकालकर लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और आरोपी की तलाश में जुट गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैढ़ी गांव के बाहर स्थित एक पान की गुमटी पर मंगलवार की शाम कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। माहौल गर्म होने के बीच एक मनबढ़ युवक ने असलहा निकाल लिया और उसे लहराने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को पकड़ लिया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने युवक के असलहा लहराने का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद बलुआ पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की सत्यता की पुष्टि होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


















