चकिया में भूमि विवादों पर प्रशासन सख्त, विशेष राजस्व टीमों के गठन से शुरू हुआ निस्तारण अभियान

117

चकिया में भूमि विवादों पर प्रशासन सख्त, विशेष राजस्व टीमों के गठन से शुरू हुआ निस्तारण अभियान

चंदौली : तहसील चकिया क्षेत्र में वर्षों से लंबित भूमि एवं सीमांकन संबंधी विवादों के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। तहसीलदार चकिया कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत पुराने लंबित प्रार्थना पत्रों को पुनर्जीवित करते हुए उनके निस्तारण के लिए विशेष राजस्व टीमों का गठन किया गया है।

अभियान के अंतर्गत गठित पहली राजस्व टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार शहाबगंज मोहम्मद आरिफ अंसारी एवं राजस्व निरीक्षक राजनाथ सिंह को सौंपा गया है। इस टीम को राजस्व निरीक्षक क्षेत्र उतरौत के ग्राम नीबीखुर्द में तलैया को अतिक्रमण मुक्त कराने, ग्राम करेमुआ में बाहा का सीमांकन कराने तथा ग्राम करमा में ताल को अतिक्रमण मुक्त कराकर चकमार्ग का सीमांकन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं दूसरी राजस्व टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार चकिया आलोक निषाद एवं राजस्व निरीक्षक रामऔतार दूबे कर रहे हैं। इस टीम को ग्राम बलिया खुर्द और शादीपुर में लंबे समय से चल रहे सीमा (बॉर्डर) विवादों के निस्तारण का दायित्व सौंपा गया है।

तहसीलदार कार्यालय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मौके पर पहुंचकर निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा कार्यवाही की विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएं। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में भूमि संबंधी विवादों के समाधान में तेजी आने और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।