सड़क हादसे में ग्राम प्रधान राकेश यादव की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

24

सड़क हादसे में ग्राम प्रधान राकेश यादव की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मजीदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव की जम्मू में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शनिवार को हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान राकेश यादव बीते 22 जुलाई को वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू गए थे। उनका वापसी का टिकट 13 अगस्त का था। दर्शन-पूजन के बाद किसी कार्यवश वह जम्मू में ही रुके हुए थे। शनिवार को वह किराये की स्कूटी से बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर जम्मू के गांधीनगर थाना पुलिस ने उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जाता है कि राकेश यादव अक्सर जम्मू आते-जाते रहते थे।

राकेश यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई अरविंद यादव रेलवे में नौकरी करते हैं, जबकि सबसे छोटे भाई मनोज यादव घर पर रहकर कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करते हैं। राकेश यादव के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी गुड़िया यादव (12) और बेटा मंगल यादव (10) हैं।

हादसे की खबर मिलते ही पिता मनबोध यादव, माता रामरती देवी, पत्नी शिखा यादव, दोनों भाइयों सहित अन्य परिजनों और शुभचिंतकों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और ग्राम प्रधान राकेश यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर रहे हैं।