गंगा में डूबने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव में रविवार को उस समय मातम छा गया, जब गांव के एक भाई और बहन की गंगा में डूबने से मौत होने की खबर पहुंची। हादसे में 18 वर्षीय शुभम निषाद और उसकी 10 वर्षीय बहन अनन्या की जान चली गई। दोनों भाई-बहन अपनी बुआ के घर घूमने गए थे और रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांवर गांव निवासी नन्दकिशोर निषाद लखनऊ में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। मृतक शुभम निषाद तथा उसकी बहन अनन्या महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करते थे। शनिवार को दोनों भाई-बहन वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर गांव स्थित अपनी बुआ विमला देवी के घर घूमने गए थे।
बताया जाता है कि रविवार की सुबह दोनों घर से निकले और पास स्थित गंगा तट पर स्नान करने पहुंच गए। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों नदी की तेज धारा में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी मिलती, तब तक दोनों पानी में लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही गंगापुर गांव के लोग बड़ी संख्या में गंगा तट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत और लंबे प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।
हादसे की खबर जैसे ही कांवर गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हो उठे और गांव में शोक का माहौल बन गया। कुछ ही देर बाद दोनों के शव गांव लाए गए। शव पहुंचते ही मां सुनीता देवी अपने बच्चों को देखकर बिलख पड़ीं। पिता नन्दकिशोर निषाद, छोटी बहन तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव की महिलाएं और पुरुष परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे, लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं।
एक ही परिवार के दो बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि शुभम और अनन्या बेहद मिलनसार और होनहार थे। उनकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है।
जानकारी के अनुसार यह घटना वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई, लेकिन स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।


















