डीएम ने जूम मीटिंग में गौशालाओं की हकीकत परखी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

18

डीएम ने जूम मीटिंग में गौशालाओं की हकीकत परखी, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

चंदौली : जनपद की गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के बेहतर रखरखाव और व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार की शाम जूम मीटिंग के माध्यम से जिले की सभी गौशालाओं की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने लाइव कैमरे के जरिए विभिन्न गौशालाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, सभी खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव तथा गौशालाओं के संचालन से जुड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि गौशालाओं में गोवंश का वर्गीकरण किया जाए तथा बीमार पशुओं के उपचार के लिए अलग से ‘सिक रूम’ बनाया जाए।

उन्होंने चरही एवं पानी की चरनी को हमेशा दुरुस्त रखने, नांद में नियमित रूप से भूसे के साथ हरा चारा उपलब्ध कराने तथा परिसर में नेपियर घास और सहजन के पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गोबर के बेहतर उपयोग और गौशालाओं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) के उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।

बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने गौशालाओं के शेड की मरम्मत, जलभराव रोकने के प्रभावी इंतजाम तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं पशुधन प्रसार अधिकारियों को नियमित रूप से गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग के शत-प्रतिशत टीकाकरण के बाद उसका डेटा तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं को अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि अगले सप्ताह प्रस्तावित समीक्षा बैठक तक सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त मिलनी चाहिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।