छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए किसान कांग्रेस ने चलाया पंजीकरण अभियान, प्रयागराज पहुंचने का किया आह्वान
चंदौली : किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश (पूर्वी जोन) की ओर से शुक्रवार को चकिया स्थित गांधी पार्क में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। अभियान में छात्रों से संपर्क कर उन्हें 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी अखिलेश शुक्ला ने किया, जबकि अध्यक्षता किसान कांग्रेस उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राम अधार जोसफ ने की।
इस अवसर पर अखिलेश शुक्ला ने कहा कि देश के लाखों छात्र कठिन परिश्रम और परिवार के त्याग के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामी और मिलीभगत के कारण पेपर माफिया सक्रिय हैं, जिससे मेहनती युवाओं के सपनों पर लगातार चोट पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों की आवाज उठा रहे हैं और इसी क्रम में 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचकर छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राम अधार जोसफ ने कहा कि देश का युवा ही राष्ट्र का भविष्य है और उसके हितों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कांग्रेस पार्टी संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने छात्रों से बड़ी संख्या में प्रयागराज पहुंचकर अपनी बात रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों का पंजीकरण किया गया। इस अवसर पर दिलीप मिश्रा, शशिनाथ उपाध्याय, प्रदीप मिश्रा, कन्हैया यादव, गंगा प्रसाद, असगर अली, आजम खान, सौरभ पाण्डेय, कमलेश संत, यशवंत मौर्य, मृत्युञ्जय पाण्डेय सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद सिंह ने किया।


















