106 बच्चों के स्कूल में हुआ एक और ‘नया एडमिशन’, पौधे के रूप में मिली जिंदगी की नई उम्मीद

4

106 बच्चों के स्कूल में हुआ एक और ‘नया एडमिशन’, पौधे के रूप में मिली जिंदगी की नई उम्मीद

चंदौली : प्राथमिक विद्यालय डूही के परिसर में रविवार को चन्द्रप्रभा सेवा संस्था, चकिया के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। संस्था के सदस्यों और शिक्षकों ने बच्चों को पौधों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसकी नियमित देखभाल करना है। एक पौधा भविष्य में न केवल लोगों को छाया प्रदान करता है, बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ, संतुलित और बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद चौहान ने पौधे को विद्यालय का नया सदस्य बताते हुए कहा कि विद्यालय में वर्तमान समय में 106 बच्चों का एडमिशन है, लेकिन आज चन्द्रप्रभा सेवा संस्था के माध्यम से विद्यालय में एक और ‘नया एडमिशन’ हुआ है—एक पौधे के रूप में। उन्होंने कहा कि अब इस पौधे की देखभाल करना विद्यालय परिवार के साथ-साथ सभी बच्चों की जिम्मेदारी है।

संस्था के सदस्य अभिषेक कुमार ने बच्चों और पौधों के बीच के रिश्ते को बेहद खूबसूरत बताते हुए कहा कि बच्चों से बेहतर बागवानी शायद कोई नहीं कर सकता। जिस तरह बच्चे सीखते और निरंतर आगे बढ़ते हैं, उसी तरह यदि बच्चे इस पौधे की देखभाल करेंगे तो यह भी उनके साथ बढ़ता जाएगा। आने वाले वर्षों में यही पौधा विद्यालय की सुंदरता बढ़ाने के साथ बच्चों को प्रकृति के और करीब लाने का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पौधे की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। पौधारोपण की यह पहल महज एक पौधा लगाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी विकसित करने की सार्थक कोशिश साबित हुई।

इस अवसर पर अभिषेक कुमार, सारांश केसरी, अजय जायसवाल, सुजीत वर्मा, शशिकांत प्रजापति, सौरभ चंद्र, सुरेश जायसवाल, कुंदन वर्मा, विनय मद्धेशिया, अभिषेक गुप्ता, धीरेंद्र चौहान, योगेश चंद्र, संजीव विश्वकर्मा, रविकांत मौर्य और किशन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।