1.84 करोड़ से संवरेगा निर्भयदास हनुमान मंदिर, भूमि पूजन के साथ नव निर्माण का शुभारंभ
चंदौली : नगर के वार्ड नंबर सात सिविल लाइंस पश्चिम स्थित प्रसिद्ध निर्भयदास हनुमान मंदिर के नव निर्माण एवं विकास कार्य को शनिवार को गति मिल गई। वंदन योजना के तहत मंदिर परिसर में विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंदिर के विकास एवं नव निर्माण के लिए शासन की ओर से 1 करोड़ 84 लाख 65 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विकास कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप भव्य एवं आकर्षक नजर आएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में चकिया विधायक कैलाश आचार्य, नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव और भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सभासद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। विधायक कैलाश आचार्य ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निर्भयदास हनुमान मंदिर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के भव्य नव निर्माण एवं परिसर के विकास की मांग लंबे समय से की जा रही थी। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मंदिर परिसर के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है।
वंदन योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि से परिसर में वेटिंग हॉल, पाथवे, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सहित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही मंदिर परिसर की भव्यता भी बढ़ेगी।
निजी खर्च से मंदिर के शिखर का निर्माण कराएंगे नगर अध्यक्ष
नगर अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि शासन से स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर का समग्र विकास एवं नव निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने मंदिर के शिखर का निर्माण अपने निजी खर्च से कराने की घोषणा भी की। इस घोषणा के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में सभासद बादल सोनकर, रवि गुप्ता, उमेश चौहान, ज्योति गुप्ता, कमलेश यादव, अमरदीप मोदनवाल, पूजा जायसवाल, विजय विश्वकर्मा, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल, प्रतिनिधि राजू माली, प्रभाकर पटेल, विजयानंद द्विवेदी, रोहित विश्वकर्मा और अनिल गोंड सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


















