गो-तस्करी के मामले में 25 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, मुंबई से लौटकर वकील से मिलने जा रहा था आरोपी, लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास पुलिस ने दबोचा

31

गो-तस्करी के मामले में 25 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, मुंबई से लौटकर वकील से मिलने जा रहा था आरोपी, लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास पुलिस ने दबोचा

चंदौली : गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को बलुआ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल यादव पुत्र श्याम बिहारी यादव, निवासी नादी, थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष बलुआ अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाना बलुआ में दर्ज मु0अ0सं0 62/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस से बचकर गेहूं के खेत में भाग गया था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 15 मार्च 2026 को वह अपने साथी सादिक अंसारी और सार्जन शाह के साथ पिकअप वाहन संख्या UP67BT4169 में गोवंश लादकर वध के लिए बिहार जा रहा था। वाहन वह स्वयं चला रहा था। सरौली के पास बलुआ पुलिस ने वाहन को रोककर उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया, जबकि वह गेहूं के खेत में भागकर पुलिस से बच निकला था।

आरोपी के मुताबिक, घटना के बाद वह मुंबई चला गया था और हाल ही में वापस आया था। वह अपने अधिवक्ता से मिलने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एक अन्य गो-तस्करी का मुकदमा भी दर्ज

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ बलुआ थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 का गोवध अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित मामला तथा वर्ष 2025 का भी इसी प्रकार का मुकदमा शामिल है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक धर्मदेव यादव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल रमेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल संदीप कुमार गौतम और रिजर्व कांस्टेबल राहुल चक्रवर्ती शामिल रहे।