जनगणना-2027 की तैयारियों पर जिला प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए अहम निर्देश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
चंदौली : जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चन्द्र मोहन गर्ग ने की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का बताते हुए कहा कि यह समयबद्ध और अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़े सभी बिंदुओं को पूरी सतर्कता और त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है या संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं किया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा के दौरान सकलडीहा के खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी चेतावनी दी और कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें, जिससे निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी करें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “जनगणना से जनकल्याण” का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करेगा।
बैठक में रतन वर्मा, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित


















