महोबा दलित छात्रा कांड पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा- प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
चंदौली : उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में नीट परीक्षा की दलित छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी चंदौली को सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हत्या, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, चोरी, छिनैती और मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, जो बेहद अमानवीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के शरीर को सिगरेट से जलाकर प्रताड़ित किया गया और जबरन शादी का दबाव बनाया गया, जिसने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा के साथ समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस मौके पर बृजेश गुप्ता, मधु राय, रजनीकांत पांडेय, तौफीक खान, मुनीर खान, राजेंद्र गौतम, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, गंगा प्रसाद, शाहिद तौसीफ, गुलाब राम, अरविंद पाण्डेय, श्रीकांत पाठक, प्रेमचंद गुप्ता, अमर देव राम, उदय उपाध्याय, इंद्रजीत मिश्रा, रामौतार यादव, राकेश सिंह, योगेंद्र सिंह, शमशेर खान और ज्ञानप्रकाश तिवारी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















