सुरतापुर के काली माता मंदिर से 21 किलो का घंटा चोरी, तीसरी वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत सुरतापुर गांव स्थित काली माता मंदिर में एक बार फिर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। बीती रात अज्ञात चोर मंदिर से करीब 21 किलो वजनी पीतल का बड़ा घंटा चोरी कर ले गए। यह इस मंदिर में चोरी की तीसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार सुरतापुर गांव में चहनियां-धानापुर मुख्य मार्ग से सटे काली माता मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। रविवार की रात चोरों ने मंदिर में लगे बड़े पीतल के घंटे की सिकड़ी काटकर उसे चुरा लिया। सोमवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो वहां से घंटा गायब मिला। यह देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना तत्काल बलुआ थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। हालांकि अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इसी मंदिर से मां काली की नथिया और एक घंटा चोरी हो चुका है, लेकिन पुलिस अब तक उन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने सख्त कदम नहीं उठाए तो मंदिरों में चोरी की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने और मंदिर की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।


















