चहनिया की पौधशाला में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, नारी शक्ति के सम्मान का दिया गया संदेश
चंदौली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को चहनिया रेंज के छपरा गांव स्थित पौधशाला में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और समाज में उनके बढ़ते योगदान पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सवारे यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उन सभी महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने अपने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति साहस, करुणा और धैर्य की प्रतीक है। इतिहास से लेकर वर्तमान तक महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि आज की महिला अबला नहीं बल्कि सशक्त, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में महिलाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यह दिन न केवल महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने का अवसर है, बल्कि उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने और भविष्य की चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करने का भी समय है।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज को संवेदनशील बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वन दरोगा फिरोज गांधी, वन रक्षक जितेंद्र यादव, अभिषेक, श्रीराम, जगदीश, विजय कुमार, शकील, पिंटू, महेंद्र, राजकुमार, कैलाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












