मां खंडवारी डिग्री कॉलेज में रेडिएशन टेक्नोलॉजी पर कार्यशाला, मुंबई से आए वैज्ञानिकों ने साझा किए अनुभव

66

मां खंडवारी डिग्री कॉलेज में रेडिएशन टेक्नोलॉजी पर कार्यशाला, मुंबई से आए वैज्ञानिकों ने साझा किए अनुभव

चंदौली : चहनियां स्थित मां खंडवारी डिग्री कॉलेज में शनिवार को इंडियन एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन प्रोटेक्शन (IARP), मुंबई की ओर से “बेनेफिशियल इफेक्ट ऑफ रेडिएशन टेक्नोलॉजी” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुंबई से आए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों की टीम ने न्यूक्लियर एनर्जी, रेडिएशन प्रोटेक्शन, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में डॉ. एस.एम. प्रधान, शशांक एस. सैंडिन, संजय पाटिल और संजय कुमार सिंह की टीम ने छात्रों और शिक्षकों को रेडिएशन से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस तरह न्यूक्लियर एनर्जी आज के दौर में ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है।

रेडिएशन सुरक्षा पर लाइव डेमो

वैज्ञानिकों ने कार्यशाला के दौरान रेडिएशन से जुड़े कई प्रायोगिक प्रदर्शन (डेमो) भी किए। उन्होंने रेडिएशन से सुरक्षा के लिए उपयोग होने वाली विशेष सामग्रियों और उपकरणों का भी प्रदर्शन किया। इसके लिए मुंबई से आई टीम अपने साथ अत्याधुनिक उपकरण भी लेकर आई थी। छात्रों को इन उपकरणों के जरिए रेडिएशन के स्तर, उसके प्रभाव और सुरक्षा उपायों के बारे में व्यावहारिक अनुभव कराया गया।

न्यूक्लियर एनर्जी की भूमिका पर विशेष चर्चा

टीम ने समझाया कि किस तरह न्यूक्लियर एनर्जी ऊर्जा संकट के समाधान में अहम भूमिका निभा रही है। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए रेडिएशन टेक्नोलॉजी का वैज्ञानिक उपयोग कितना महत्वपूर्ण है।

प्रबंधन और शिक्षकों की मौजूदगी

इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक राजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, अवनीश कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार, डॉ. अश्वनी श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत तिवारी, अखिलदेव पांडेय, राहुल प्रताप सिंह, अजित सिंह, अतुल पांडेय, विमलेश, वर्षा सहित कॉलेज के शिक्षक, छात्र और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अवधेश कुमार मिश्र ने कुशलतापूर्वक किया।