नरहरपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वन महोत्सव, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
चंदौली : चकिया क्षेत्र अंतर्गत राजपथ रेंज के तत्वावधान में बुधवार को नरहरपुर पंचायत भवन परिसर में वन महोत्सव के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा लोगों को पौधरोपण एवं उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान शीला देवी रहीं। उनके साथ पूर्व ग्राम प्रधान उपेन्द्र बहादुर सिंह, चितौड़ी के ग्राम प्रधान अशोक यादव तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष पाठक ने पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। अतिथियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वन विभाग की ओर से क्षेत्रीय वन अधिकारी संजय कुमार, वन दरोगा शशेन्द्र कुमार वर्मा एवं वन रक्षक राधे कृष्ण मिश्र ने अभियान का नेतृत्व करते हुए उपस्थित लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में रामआधार, सौदागर, पंचम सहित क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।


















