आज से शुरू हुई यूपी टीईटी परीक्षा, 12 केंद्रों पर 25 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चंदौली : जनपद चंदौली में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) आज से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 25 हजार 500 से अधिक परीक्षार्थी आगामी पांच पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
परीक्षा आज दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि जनपद में 2, 3 एवं 4 जुलाई को कुल 5 पालियों में यूपी टीईटी परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों को ए एवं बी श्रेणी में विभाजित किया गया है, ताकि निगरानी और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि परीक्षा की सतत निगरानी के लिए कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


















