इंस्टाग्राम पर फर्जी RTO आईडी बनाकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, परिवहन विभाग के नाम पर लोगों से करता था ऑनलाइन वसूली, न्यायालय में किया गया पेश
चंदौली : सोशल मीडिया पर परिवहन विभाग के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को चंदौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर “rtowale_bhaiyaji_up67” नाम से फर्जी आईडी बनाकर खुद को परिवहन विभाग से जुड़ा बताता था और ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य परिवहन संबंधी कार्य कराने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन धनराशि वसूलता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी परिवहन विभाग के नाम का गलत इस्तेमाल करते हुए लोगों को झांसे में लेकर उनसे विभिन्न कार्यों के लिए पैसे मांगता था। इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने के बाद पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया और थाना चंदौली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान पता चला कि आदित्य कुमार नामक युवक ही फर्जी इंस्टाग्राम आईडी “rtowale_bhaiyaji_up67” संचालित कर रहा था। आरोपी लोगों को परिवहन विभाग के विभिन्न कार्य कराने का झांसा देकर उनसे ऑनलाइन पैसे मांगता था तथा उन्हें गुमराह करता था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस ठगी के नेटवर्क में शामिल था या नहीं।
चंदौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के लिए केवल अधिकृत सरकारी पोर्टल, कार्यालय अथवा अधिकृत माध्यम का ही उपयोग करें। सोशल मीडिया पर संचालित किसी भी फर्जी आईडी या व्यक्ति के बहकावे में आकर धनराशि का भुगतान न करें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी विभाग के नाम पर ऑनलाइन पैसे की मांग करता है या संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।


















