मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 116 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, दो मुस्लिम जोड़े भी हुए शामिल

33

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 116 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, दो मुस्लिम जोड़े भी हुए शामिल

चंदौली : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद चंदौली में गुरुवार को विकास खंड चकिया, सकलडीहा, नौगढ़ एवं चाहनियां में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। पूरे धार्मिक रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुल 116 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ। सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित उपहार सामग्री प्रदान कर सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कैलाश आचार्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विकास खंड चाहनियां स्थित मां खंडवारी महिला महाविद्यालय परिसर में 45 जोड़ों, सकलडीहा में 45 जोड़ों, चकिया में 22 जोड़ों तथा नौगढ़ में 5 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वैवाहिक संस्कार संपन्न हुए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सम्मान के साथ विवाह संपन्न कराने की सुविधा मिल रही है, जिससे बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम हो रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।