श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को लेकर चंदौली में चार दिनों तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

40

श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को लेकर चंदौली में चार दिनों तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

चंदौली : श्रावण माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चंदौली पुलिस ने जनपद में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह डायवर्जन 1 अगस्त 2026 (शनिवार) रात्रि 8 बजे से 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) प्रातः 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों सहित कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध एवं डायवर्जन लागू रहेगा।

जारी रूट प्लान के अनुसार चंदौली से वाराणसी की ओर जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को आलमपुर अंडरपास, गोधना चौराहा तथा चकिया तिराहा से डायवर्ट कर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के रास्ते अखरी बाईपास होते हुए वाराणसी भेजा जाएगा। वहीं मुगलसराय से पड़ाव की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर एवं आजमगढ़ जाने वाले छोटे एवं मालवाहक वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। कटरिया तिराहा, लंका मैदान तिराहा, पीएससी तिराहा एवं कोयला मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं साहूपुरी तिराहा और एफसीआई गोदाम तिराहा से भी वाहनों का वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्जन किया जाएगा।

श्रावण माह के दौरान नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया को देखते हुए भी विशेष रूट प्लान लागू किया गया है। धरौली और चकिया की ओर से आने वाले दोपहिया एवं हल्के वाहन छोटे पुल के रास्ते कस्बा चंदौली होकर एनएच-19 से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। जबकि चारपहिया, भारी वाहन एवं अन्य श्रद्धालु भगवानपुर तालाब मार्ग से होकर एनएच-19 का उपयोग करेंगे।

पुलिस प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।