चंदौली में दो भीषण सड़क हादसे, दो युवकों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

158

चंदौली में दो भीषण सड़क हादसे, दो युवकों की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

चंदौली : जिले में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियों को मात में बदल दिया। नौगढ़ और सैयदराजा क्षेत्रों में हुए इन हादसों में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसों के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।

तेज रफ्तार बोलेरो ने ली युवक की जान

पहला हादसा सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर बॉर्डर पर हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। बिहार के रोहतास जिले के कोचस निवासी आयुष (25) अपने पिता अरुण कुमार पटेल के साथ बाइक से पीडीडीयू नगर से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे नौबतपुर बॉर्डर पर पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता को मामूली चोटें आईं।

नौगढ़ में सड़क हादसे का कहर

दूसरा हादसा नौगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ, जहां ठठवां गांव निवासी प्रदीप गिरी (25) अपने चाचा इंद्रभान गिरी (45) के साथ बाइक से सोनभद्र जा रहे थे। नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर चोरमरवा नाला के पास एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके चाचा का इलाज जारी है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस

घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इन हादसों ने न सिर्फ दो युवाओं की जान ली, बल्कि उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दोनों गांवों में शोक की लहर है, और परिजन गमगीन माहौल में अपने लाल को अंतिम विदाई देने की तैयारी में हैं।