बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ ग्रामसभा के उत्तरी छोर पर लगे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर की बार-बार खराबी और लो वोल्टेज की समस्या से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। शनिवार को ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और ट्रांसफार्मर के सामने धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी चंदौली का ध्यान आकर्षित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो सौ उपभोक्ता इस ट्रांसफार्मर से जुड़े हैं। बढ़ते उपभोक्ता दबाव और अत्यधिक लोड के चलते ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है। ट्रांसफार्मर खराब होते ही गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है, जिससे न केवल घरेलू उपभोक्ता बल्कि किसान भी बुरी तरह प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर में अक्सर खराबी आने के कारण लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे आम लोगों के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन में बुल्लू पाण्डेय, ऋषिकेश यादव, आशुतोष, साहिल, रितेश, हर्ष, विकास, दीपक, प्रदीप, मंगरू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि बार-बार बिजली कटौती और उपकरण जलने की समस्या से निजात मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


















