हाईटेंशन तार बना खतरा, सास-बहू और कबाड़ी युवक करंट से झुलसे, ग्रामीणों का हंगामा

45

हाईटेंशन तार बना खतरा, सास-बहू और कबाड़ी युवक करंट से झुलसे, ग्रामीणों का हंगामा

चंदौली : सकलडीहा क्षेत्र के भोजापुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही शनिवार को बड़ा हादसा लेकर आई। हाईटेंशन तार की जद में आने से सास-बहू समेत एक कबाड़ी युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीण बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को भोजापुर निवासी उमाशंकर की पत्नी उर्मिला देवी (55 वर्ष) अपनी बहू अनीता (30 वर्ष) के साथ छत पर कबाड़ बेचने के लिए खड़ी थीं। इस बीच चंदौली गांव का रहने वाला 18 वर्षीय कबाड़ी बटूक कबाड़ खरीदने पहुंचा। जैसे ही लोहे की एंगल छत से ऊपर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से सटी, तीनों करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

घटना की भनक लगते ही गांव में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उर्मिला देवी और अनीता को सकलडीहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि कबाड़ी युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में 440 वोल्ट की लाइन को तो केबल से बदल दिया गया, लेकिन छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन अब भी लटक रही है। इसी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है।

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर अवर अभियंता पत्तू यादव को घेर लिया और समस्या के समाधान की मांग करते हुए पत्रक सौंपा। काफी देर तक हंगामा होने के बाद अवर अभियंता ने उच्चाधिकारियों के माध्यम से जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।

विरोध प्रदर्शन में अमित सिंह, राकेश यादव, बृजेश यादव, आनंद, भगवानी देवी, शकुंतला, माधुरी, तेतरा, चिंता, अतवारी, सुखदेई, शशिकला, अच्छे, शिवानंद शर्मा, रीसी, संतोष, नीरज, प्यारे, रूपेश, जग्गा, दीपक, प्रभात समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।