रिहायशी इलाके में सड़क न बनने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं, सड़क के लिए दो साल से अटका प्रस्ताव
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के सराय गांव की सरहद पर दर्जनभर से अधिक परिवार वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। चहनियां वाया बलुआ मुख्य मार्ग से महज़ सौ मीटर की दूरी पर बसे इन परिवारों के लिए आज तक कोई पक्का रास्ता नहीं बनाया गया। हर साल बरसात आते ही यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है।
गांव के जिस हिस्से में लोग मकान बनाकर रह रहे हैं, वहां सरकारी डॉक्टर से लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल संचालक, अध्यापक, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग निवास करते हैं। यहां तक कि बच्चों का अस्पताल भी इसी मार्ग पर स्थित है, जहां रोज़ मरीजों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां तक पहुंचने के लिए अब तक कोई व्यवस्थित सड़क नहीं बनी।
बरसात में दलदल बन जाता है रास्ता
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगल-बगल खेत होने के कारण बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। कीचड़ और फिसलन इतनी बढ़ जाती है कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। मजबूरन ग्रामीणों ने आपस में पैसा इकट्ठा कर मिट्टी और ईंट-गिट्टी फेंककर रास्ते को किसी तरह चलने लायक बनाया, लेकिन हल्की सी बरसात में भी यह कच्चा मार्ग दलदल में बदल जाता है।
दो साल से प्रस्ताव अटका पड़ा
ग्रामीणों ने कई बार प्रधान को मौखिक और लिखित रूप से मार्ग निर्माण की मांग की। रिहायशी लोगों का कहना है कि समस्या इतनी गंभीर है कि कभी-कभी बच्चे और बुजुर्ग फिसल कर घायल भी हो जाते हैं। वहीं कई परिवारों को मजबूरन कीचड़ भरे रास्ते से होकर घर आना-जाना पड़ता है।
इस मामले में प्रधानपति अभय सिंह ने बताया कि मनरेगा से कच्चे रास्ते के निर्माण के लिए दो वर्ष पूर्व प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या गंभीर है और इसे जल्द से जल्द हल कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों की पुकार
गांव के लोगों का कहना है कि जब मुख्य मार्ग तक मात्र 100 मीटर की दूरी पर दर्जनभर परिवार रह रहे हैं, तो उनके लिए सड़क न बनवाना स्थानीय प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े इस रास्ते को तत्काल पक्का कराना बेहद ज़रूरी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करे और बरसात से पहले इस रास्ते का निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि आने वाले दिनों में उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।


















