एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधरोपण की पहल देश के लिए मिशाल : आशुतोष सिंह
चंदौली : एक पेड़ मां के नाम अभियान में चहनियां क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेवढी में ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह व ग्रामवासियों द्वारा बृहद स्तर पर क्षत्रिय सम्राट महाराजा सुहेलदेव वैष्णवी सरोवर, वैश्य अमृत सरोवर एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में बृक्षों का पौधरोपण किया गया. इस दौरान ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधरोपण की पहल देश के लिए मिशाल है. वही प्रधान द्वारा ग्रामवासियों को पौधरोपण के लिए पौधों का वितरण किया गया.

ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर देशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का आह्वान किया था. पर्यावरणविद् चिंतित हैं कि दुनिया में ग्लोबल वॉर्मिंग जीव सृष्टि के लिए नया संकट खड़ा करने जा रहा है. यह संकट मनुष्य के स्वार्थ ने प्रदान किया है, इसलिए इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी भी मनुष्य पर ही होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के संवैधानिक मुखिया के रूप में पीएम मोदी व उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ का यह आह्वान हर भारतवासी के लिए मंत्र बनना चाहिए. पांच जून के बाद से प्रदेश में लगातार पौधरोपण महाभियान के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का यह गौरव लगभग हर परिवार को प्राप्त हो रहा है. कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र को बढ़ावा देना है. इस बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान से उम्मीद है कि ग्राम पंचायत सेवढी का पर्यावरण और हरा-भरा होगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार हो सकेगा. इस दौरान ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ने लोगों से एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत पौधरोपण करने की अपील किया.


















