एसपी ने किया बलुआ घाट का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों का लिया जायजा
चंदौली : श्रावण मास व गुरु पूर्णिमा पर्व के दृष्टिगत एसपी आदित्य लांग्हे ने चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहनी घाट, टांडा कलां घाट व चकरा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों का जायजा लिया एवं सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. श्रावण मास में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए जनपद व गैर जनपद से भारी संख्या में कांवरियों का सैलाब उमड़ता है. आने वाले पांच श्रावण मास के सोमवार पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जिले के प्रतिष्ठित देवालयों के साथ वाराणसी के बाबा विश्वनाथ धाम, मार्कण्डेय महादेव धाम जाने से पूर्व बलुआ स्थित पश्चिम वाहनी घाट, टांडा कलां घाट व चकरा घाट पर पहुंचते है. और आस्था की डुबकी लगाते है. और साथ ही गंगा जल लेकर जलाभिषेक के लिए जाते है.

इसी क्रम में एसपी आदित्य लांग्हे ने जिले के प्रतिष्ठित घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं पूर्व में ही पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कावड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की घटना घटित ना हो इसके लिए रास्तों के जर्जर विद्युत तार हटवाने, खराब सड़को की मरम्मत करवाने, रुट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम, एवं पेयजल की व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया. साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, कांवरियों की निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरा, कंट्रोल रूम आदि व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया. इस दौरान क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज, थाना प्रभारी बलुआ शैलेष कुमार मिश्र, व अन्य पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे.


















