अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पूर्व प्रधान की मौत, गांव में छाया मातम

125

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पूर्व प्रधान की मौत, गांव में छाया मातम

चंदौली : जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। गुरुवार को पुल निर्माण कार्य के दौरान तारापुर गांव के भूतपूर्व प्रधान विमल कुमार (54 वर्ष) की एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमल कुमार इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के तहत चल रहे ब्रिज निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। गुरुवार को जब वे अन्य मजदूरों के साथ हाईवे किनारे काम में लगे थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और अन्य मजदूरों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हादसे को अंजाम देने वाले वाहन का पता अभी नहीं चल सका है। भूतपूर्व प्रधान की आकस्मिक मृत्यु से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग उनके निधन को अपूरणीय क्षति बता रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।