बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन गांवों में बकायेदारों के कनेक्शन कटे, उपभोक्ताओं में मचा हड़कंप

106

बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन गांवों में बकायेदारों के कनेक्शन कटे, उपभोक्ताओं में मचा हड़कंप

चंदौली : बिजली विभाग ने गुरुवार को चहनियां क्षेत्र के मारूफपुर विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत आने वाले तीन गांवों—बड़गांवा, जमालपुर और सढान में बकायेदारों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से गांवों में हड़कंप मच गया। लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।

मौके पर वसूले गए 30 हजार रुपये

एसडीओ सतीश कुमार और जेई अजय सिन्हा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान उन उपभोक्ताओं पर निशाना साधा गया जिनके ऊपर 50 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक का बिजली बिल बकाया था। विभाग ने ऐसे कई उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए। वहीं, मौके पर ही करीब 30 हजार रुपये की वसूली भी की गई।

जल्द जमा करें बिल, नही तो स्थाई कटौती

बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि बकाया राशि जल्द नहीं चुकाई गई तो संबंधित उपभोक्ताओं के कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिए जाएंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय रहते अपने बिल का भुगतान करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस कार्रवाई के दौरान विभाग के कर्मचारी बाबू मुकेश कुमार, नागेंद्र मिश्रा, अजय मौर्य, सोनू यादव, कमलेश, महादेव, धर्मेंद्र, रमेश और बिनोद सहित अन्य संविदा कर्मी भी उपस्थित रहे। पूरे अभियान के दौरान विभागीय टीम ने सख्त पहरा बनाए रखा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को समाप्त किया।

यह अभियान जहां एक ओर बिजली विभाग की सख्ती को दर्शाता है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं के बीच यह संदेश भी गया है कि अब बकायेदारी को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की यह पहल राजस्व वसूली बढ़ाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।