महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन की गूँज, चंदौली में निकली महिला सशक्तिकरण रैली, सीओ स्नेहा तिवारी ने दिखाई हरी झंडी
चंदौली : महिला सुरक्षा और सम्मान को समाज की मुख्यधारा में स्थापित करने के लिए रविवार को पुलिस लाइन से महिला सशक्तिकरण रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और सकलडीहा की क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी के नेतृत्व में महिला बीट पुलिस व थानाध्यक्षों द्वारा स्कूटी-बाइक रैली का आयोजन हुआ। इस दौरान सीओ स्नेहा तिवारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, देश का पहला अभिमान” जैसे नारों से जनजागरूकता का संदेश दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग करने के साथ ही समाज में सुरक्षा की भावना स्थापित करना रहा।
मुख्यमंत्री ने किया था वर्चुअल शुभारंभ
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 सितम्बर को मिशन शक्ति 5.0 का वर्चुअल शुभारंभ किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 1647 थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के जरिए महिलाओं की हर शिकायत का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसी कड़ी में जनपद चंदौली में भी अभियान को गति दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने दिए विशेष निर्देश
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अभियान के दौरान निर्देश दिया कि एंटी रोमियो टीम चौपालों और पुलिस की पाठशाला लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को नारी सुरक्षा, स्वावलम्बन और सम्मान पर जागरूक करेगी, टीम थाना क्षेत्रों के बस अड्डों, बाजारों, मंदिरों, कॉलेजों और प्रमुख चौराहों पर लगातार गश्त और चेकिंग कर छात्राओं व महिलाओं से संवाद करेगी, साइबर क्राइम व महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 108, 112, 1076, 1098, 102) की जानकारी व्यापक स्तर पर दी जाएगी।
नवरात्रि में विशेष कार्यक्रम
भारतीय संस्कृति में मां दुर्गा को शक्ति का स्वरूप मानते हुए 22 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के गुर सिखाए जाएंगे।
बालिकाओं के अधिकारों पर जोर
विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों के नेतृत्व में बच्चों को बाल अधिकार, घरेलू हिंसा, यौन शोषण, छेड़छाड़, गुड-टच और बैड-टच जैसे विषयों पर जागरूक किया जाएगा। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों पर जानकारी दी जाएगी।
महिला सशक्तिकरण की नई पहल
रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों का कहना था कि मिशन शक्ति 5.0 से महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा का वातावरण मजबूत होगा। यह अभियान नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ अपराधियों में भय की भावना पैदा करेगा।


















