जिलाधिकारी ने किया नहरों का स्थलीय निरीक्षण, सिंचाई संकट पर जताई कड़ी नाराज़गी, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

108

जिलाधिकारी ने किया नहरों का स्थलीय निरीक्षण, सिंचाई संकट पर जताई कड़ी नाराज़गी, अफसरों को दिए कड़े निर्देश

चंदौली : किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को धीना और अमड़ा क्षेत्र की नहरों, रजवाहों और माइनरों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टेल तक पानी न पहुंचने और नहरों की जर्जर स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी जताई तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

“सिंचाई के लिए हर किसान को मिलेगा पानी, टेल तक जल पहुंचाने के निर्देश”

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद के किसी भी किसान को सिंचाई के लिए पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। यदि टेल तक पानी पहुंचाने के लिए जल आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, तो तत्काल योजना बनाकर कार्यवाही की जाए, ताकि खेतों तक निर्बाध जल पहुंच सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण में लापरवाही पर SDO व JE का वेतन रोका, अधिशासी अभियंता को चेतावनी

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता को सभी नहरों, रजवाहों और माइनरों की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने पर एस०डी०ओ० मनीष सिंह और जे०ई० राकेश कुमार सिंह का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए। वहीं, अधिशासी अभियंता हरेंद्र सिंह को समय-समय पर निरीक्षण न करने पर कड़ी चेतावनी दी गई और टेल तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी तय करते हुए तत्काल समाधानात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

किसानों को सिंचाई समस्याओं से राहत की उम्मीद

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा, स्टोनो कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, किसान नेता मुन्ना सिंह समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण क्षेत्रीय किसानों के हित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सिंचाई संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।