गुरु पूर्णिमा पर चंदौली यातायात पुलिस का रूट डायवर्जन प्लान जारी, 24 घंटे प्रभावी रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण

321

गुरु पूर्णिमा पर चंदौली यातायात पुलिस का रूट डायवर्जन प्लान जारी, 24 घंटे प्रभावी रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण

चंदौली : आगामी गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से चंदौली यातायात पुलिस द्वारा 09 जुलाई रात्रि 12 बजे से 10 जुलाई रात्रि 12 बजे तक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था गुरुवार, 10 जुलाई 2025 को होने वाले धार्मिक आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए की गई है।

यातायात निरीक्षक के अनुसार, विभिन्न मार्गों पर भारी और हल्के वाहनों के संचालन को लेकर निम्नलिखित दिशा-निर्देश और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे..

आलमपुर अंडरपास मार्ग (एनएच-19, बिहार से वाराणसी की ओर)

बिहार की ओर से आने वाले ऐसे वाहन जो मुगलसराय-पड़ाव होते हुए वाराणसी जाना चाहते हैं, वे सर्विस लेन का प्रयोग न करते हुए सीधे एनएच-19 हाईवे से वाराणसी की ओर प्रस्थान करेंगे।

रिंग रोड पचफेड़वा एनएच-19 (बिहार/चंदौली हाईवे से आगंतुक)

सभी वाहन जो वाराणसी, सारनाथ, बाबतपुर एयरपोर्ट, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें रिंग रोड पचफेड़वा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। वे वाराणसी शहर में प्रवेश न करके सीधे गंतव्य को जाएंगे।

गोधना चौराहा

यहां से पीडीडीयू स्टेशन को छोड़कर अन्य वाहन, जो मुगलसराय पड़ाव होकर वाराणसी जाना चाहते हैं, उन्हें एनएच-19 हाईवे के माध्यम से वाराणसी भेजा जाएगा। सभी मालवाहक, छोटे व भारी वाहन इस नियम के अंतर्गत आएंगे।

गंजी प्रसाद (चकिया तिराहा)

चकिया तिराहा से मुगलसराय पड़ाव जाने वाले छोटे मालवाहक व चारपहिया वाहन को डायवर्ट करते हुए गोधना हाईवे की ओर भेजा जाएगा।

एफसीआई/सनबीम तिराहा

मुगलसराय से पड़ाव की ओर जाने वाले वाहनों को एफसीआई तिराहे से साहूपुरी होते हुए पीएसी तिराहा, फिर हाईवे से वाराणसी भेजा जाएगा।

लंका मैदान रामनगर

यहां 09 जुलाई की रात 12 बजे से 10 जुलाई की रात 12 बजे तक नो एंट्री लागू रहेगी। किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

कोयला मंडी मार्ग

कोयला मंडी से पड़ाव की ओर जाने वाले किसी भी ट्रक को 09 जुलाई की रात 12 बजे से 10 जुलाई की रात 12 बजे तक अनुमति नहीं दी जाएगी।

कोयला मंडी से पड़ाव तक के व्यापारी और ट्रांसपोर्टर

ट्रक खड़ी करने को लेकर विशेष निर्देश — मुख्य सड़क पर ट्रक खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। सभी ट्रकें सर्विस लेन या अपने कोयला गोदामों में पार्क की जाएं।

चेतावनी : प्रशासन द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी वाहन चालक द्वारा इन नियमों का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी नागरिक रूट डायवर्जन का पालन करें और गुरु पूर्णिमा जैसे पर्व को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित रूप से मनाने में प्रशासन का सहयोग करें।