चंदौली में हरियाली की नई पहल, 64 लाख पौधों के रोपण का महाअभियान शुरू, हर दो घंटे पर जाएगी प्रगति रिपोर्ट
चंदौली : जनपद को इस वर्ष प्रदेश सरकार की ओर से 64 लाख से अधिक पौधों के रोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य सौंपा गया है। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की इस मुहिम का नेतृत्व वन विभाग कर रहा है, जिसमें जिले के सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश सरकार एवं जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग के निर्देशन में प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने विभागवार पौधारोपण लक्ष्य निर्धारित कर दिए हैं। अभियान का शुभारंभ 9 जुलाई को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में पौधारोपण करके किया जाएगा।
विभागवार लक्ष्य कुछ इस प्रकार हैं…
● वन विभाग : 36,40,608 पौधे
● पर्यावरण विभाग : लगभग 35 लाख
● ग्राम्य विकास विभाग : 13,50,100
● राजस्व विभाग : 11,03,000
● पंचायती राज विभाग : 13,07,000
● नगर विकास विभाग : 25,700
● औद्योगिक विकास विभाग : 11,400
● लोक निर्माण विभाग (PWD) : 13,000
● रेशम विभाग : 23,000
● कृषि विभाग : 4,26,500
● उच्च शिक्षा विभाग : 19,400
● उद्यान विभाग : 1,66,000
● पुलिस विभाग : 10,000
अन्य विभागों को भी उनके कार्य क्षेत्र के अनुसार लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।
नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी
इस वृहद पौधारोपण कार्यक्रम की निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां से सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पौधारोपण की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। खास बात यह है कि हर दो घंटे पर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि अभियान की गति और पारदर्शिता बनी रहे।
प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने बताया कि जनपद में सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। पौधों की आपूर्ति के लिए वन विभाग के साथ-साथ उद्यान विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह अभियान केवल वृक्षारोपण का नहीं, बल्कि जन-जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर “हरित चंदौली” के निर्माण में सहयोग करें।


















