जाम देख भड़के तहसीलदार, सड़क घेरने वाले आरा मशीन संचालकों पर दर्ज हुई FIR

168

जाम देख भड़के तहसीलदार, सड़क घेरने वाले आरा मशीन संचालकों पर दर्ज हुई FIR

चंदौली : सड़क किनारे अवैध रूप से लकड़ियों का भंडारण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चकिया प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने मौके पर निरीक्षण के बाद दो आरा मशीन संचालकों और एक मुंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाना प्रभारी को तहरीर सौंप दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जिला मुख्यालय से लौटते समय तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने चकिया क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर भारी जाम की स्थिति देखी। उन्होंने वाहन रोककर मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि आरा मशीन संचालकों ने सड़क किनारे ही बड़ी मात्रा में लकड़ियां फैलाकर रख दी थीं। इससे सड़क संकरी हो गई थी और वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा था। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने तत्काल थाना प्रभारी तथा लोक निर्माण विभाग को लिखित तहरीर भेजी। तहरीर में आरा मशीन संचालक रामसकार सिंह निवासी अमोकला वहुरी (कीलोघर) तथा अशोक जायसवाल निवासी धरदे टालसिवाली (वगलकार) के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आरा मशीन पर मौजूद मुंशी गोपाल खरवार को भी मामले में नामजद किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर अवरोध उत्पन्न कर आमजन की आवाजाही प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।