अगलगी पीड़ित परिवार से मिले विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

121

अगलगी पीड़ित परिवार से मिले विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बा में दो दिन पूर्व थोक किराना दुकान में हुई भीषण अगलगी की घटना के बाद गुरुवार को सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार, खण्डवारी रानेपुर गांव निवासी विजय एवं अजय की चहनियां कस्बा में थोक किराना की दुकान है। मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों रुपये मूल्य का रिफाइंड, खाद्य तेल, मैदा, चीनी, मसाले सहित अन्य किराना सामान और जरूरी बहीखाते जलकर राख हो गए। इस हादसे में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना के दौरान बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, प्रधानपति सतीश गुप्ता तथा स्थानीय युवकों ने साहस का परिचय देते हुए मकान की छत के रास्ते अंदर फंसे परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल एक बच्चा अस्पताल में उपचाराधीन है और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए वह स्वयं प्रशासन से समन्वय करेंगे और हर स्तर पर सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, सुभाष यादव, बिरजू अग्रहरी, राम विलास गुप्ता, बबलू जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।