भीषमपुर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर कीचड़ का साम्राज्य, ग्रामीणों ने उठाई जांच व मरम्मत की मांग

49

भीषमपुर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर कीचड़ का साम्राज्य, ग्रामीणों ने उठाई जांच व मरम्मत की मांग

चंदौली : विकासखंड चकिया की बड़ी ग्राम पंचायत भीषमपुर का मुख्य प्रवेश मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बरसात के मौसम में करीब 100 मीटर तक सड़क पर कीचड़, गोबर और गड्ढों के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है। यह मार्ग शेरवा होते हुए मिर्जापुर जनपद को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण लिंक रोड भी है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। राहगीरों के कपड़ों पर कीचड़ उछलने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष लाखों रुपये की लागत से ग्राम पंचायत द्वारा नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन मानकों की अनदेखी के कारण पानी की समुचित निकासी नहीं हो रही है। नतीजतन सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है और पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई है।

ग्रामीण दिनेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में ग्राम पंचायत में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं। गांव की अधिकांश सड़कें जर्जर हैं और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

वहीं कैलाश सोनकर, रामभरोस गुप्ता, नुरुल अंसारी, बबलू खान, मुकेश चौबे, प्यारे बारी, बच्चालाल मौर्य, सुरेश विश्वकर्मा, दीना शर्मा, अंगद प्रजापति, मुलायम यादव, मुस्तफा, मुस्ताक अंसारी, रामप्रसाद गुप्ता, शिवप्रसाद साव सहित अनेक ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क एवं नाली की मरम्मत कराने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के पूरे मौसम में आवागमन और भी कठिन हो जाएगा, जिससे आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।