चकिया की बेटी कंचन गुप्ता ने PCS में 9वीं रैंक पाकर बढ़ाया मान, शिक्षक संघ ने घर पहुंचकर दी बधाई
चंदौली : चकिया क्षेत्र के शिक्षा जगत के लिए गर्व का क्षण उस समय बन गया, जब विकासखंड चकिया में कार्यरत शिक्षक नरेश कुमार गुप्ता की पुत्री कंचन गुप्ता ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UP PCS 2026) परीक्षा में 9वीं रैंक हासिल करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर सफलता प्राप्त की। इस उपलब्धि से पूरे शिक्षक समुदाय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
शिक्षक संघ ने घर पहुंचकर दी बधाई, जताया गर्व
कंचन गुप्ता की इस शानदार सफलता पर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उनके पंडित दीनदयाल नगर (मुगलसराय) स्थित कृष्णा कॉलोनी आवास पहुंचकर मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। इस दौरान शिक्षकों ने इसे “बेसिक शिक्षा परिवार के लिए गौरव का क्षण” बताया।
केंद्रीय विद्यालय से BHU तक का सफर, फिर PCS में शानदार कामयाबी
बताते चलें कि कंचन के पिता नरेश कुमार गुप्ता विकासखंड चकिया के प्राथमिक विद्यालय मैनपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। वे पूर्व में एबीआरसी (Assistant Block Resource Coordinator) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कंचन बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय से हुई, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद कंचन ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी के सामाजिक विज्ञान संकाय से वर्ष 2022 में अर्थशास्त्र (ऑनर्स) के साथ स्नातक की डिग्री हासिल की। शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य रखने वाली कंचन ने कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी के बल पर अपने दूसरे प्रयास में ही यह बड़ी सफलता प्राप्त कर ली।
अनुशासन और मेहनत से मिली सफलता : कंचन गुप्ता
अपनी सफलता पर कंचन गुप्ता ने इसका श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि “अनुशासन के साथ छोटे-छोटे प्रयास ही बड़ी सफलता की नींव बनते हैं।” उनके इस प्रेरणादायक संदेश से क्षेत्र के युवाओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
परिषदीय परिवार में लगातार सफलता से बढ़ा उत्साह
शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि अब बेटियां भी बेटों के साथ हर क्षेत्र में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं, जो समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कंचन की सफलता को पूरे परिषदीय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।
गौरतलब है कि हाल ही में बेसिक शिक्षा परिवार से ही शिक्षक शैलेश गुप्ता के पुत्र मृत्युंजय गुप्ता ने भी यूपीएससी परीक्षा में 726वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था। लगातार मिल रही इन सफलताओं से शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है।
कंचन की उपलब्धि बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
कंचन गुप्ता की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चकिया क्षेत्र और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
इस दौरान बधाई देने वालों में अनिल प्रताप यादव, अशोक प्रजापति, जितेंद्र राम, मनोज जायसवाल, कमलेश गुप्ता, माया प्रसाद गौड़, सुशील कुमार, जयप्रकाश चौहान, गजानंद यादव सहित आदि शिक्षक उपस्थित रहे।


















