पर्यावरण संरक्षण की ओर कदम, हेतीमपुर में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम

117

पर्यावरण संरक्षण की ओर कदम, हेतीमपुर में हुआ वृक्षारोपण कार्यक्रम

चंदौली : जनपद के चकिया रेंज अंतर्गत बाबा जागेश्वर नाथ महाविद्यालय, हेतीमपुर परिसर में शनिवार को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत वृक्षारोपण कर प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर वृक्ष बंधु श्री परशुराम सिंह, विद्यालय प्रबंधक रामासरे यादव एवं प्राचार्य डी.एन. यादव ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए अमूल्य संपदा हैं। आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे।

कार्यक्रम में चकिया रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अश्वनी चौबे ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” जैसी पहल लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़कर वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस दौरान उप क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री आनंद दुबे, वन दरोगा यशवंत सिंह, अमित यादव तथा वन रक्षक आदित्य सिंह, शिवबक्स सिंह, अमित सिंह, हरि किशन सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और भविष्य में भी वृक्षारोपण अभियान को जारी रखेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण मिल सके।