सैयदराजा में नागपंचमी पर युवा खेलकूद प्रतियोगिता, डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया उद्घाटन

47

सैयदराजा में नागपंचमी पर युवा खेलकूद प्रतियोगिता, डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया उद्घाटन

चंदौली : नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को सैयदराजा क्षेत्र के दुधारी में विलेज यूथ स्पोर्ट्स के तत्वावधान में युवा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विनय प्रकाश तिवारी शामिल हुए और प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में ग्रामीण युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रस्साकशी सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर डॉ. तिवारी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा—

“पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होंगे पूरे ख़्वाब।”

रस्साकशी प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग की विजेता टीम तथा 60 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग की विजेता टीम को डॉ. तिवारी ने अपनी ओर से एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। साथ ही आयोजन समिति की ओर से विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

डॉ. तिवारी ने कहा कि गांवों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।

कार्यक्रम में गो रक्षा समिति के परमानंद तिवारी, सवर्ण आर्मी के अध्यक्ष रत्नेश पाठक, गायत्री तिवारी, हास्य कवि रोहित पांडेय सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन में रविन्द्र कुमार सिंह, आलोक चौहान, विशाल चौहान, संजय प्रजापति, विकास चौहान, विशाल मौर्य, इन्द्रल चौहान, ओमकार, रवि सिंह, भरभेश्वर सिंह चौहान, रिज्जू चौहान तथा दिलीप सिंह सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।